ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन की सफलता, सुरक्षा, यातायात, विदेशी मेहमानों और आगंतुकों की सुविधा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेड शो प्रदेश की परंपरा, हुनर, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
छह देशों की भागीदारी, 72 देशों से पहुंचेंगे 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार
उन्होंने बताया कि आयोजन में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित छह भागीदार देश शामिल होंगे। 72 देशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। विदेशी प्रतिनिधियों के लिए आवास, संपर्क अधिकारियों और सहायता के लिए विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को स्वयंसेवक के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए गए। ज्ञान सत्रों को प्रभावी बनाने तथा तकनीकी सत्रों में संबंधित विभागों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भागीदारी पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुख्यमंत्री ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भागीदारी पर जोर दिया। आयोजन में कथक, पखावज, सितार, भोजपुरी और आल्हा गायन, राई तथा थारू जनजातीय नृत्य सहित 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कार्यक्रम होंगे। भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
500 से अधिक इलेक्ट्रिक शटल बसों की तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। पार्किंग और प्रदर्शनी स्थल के बीच 500 से अधिक विद्युत वाहन शटल बसें चलाने की तैयारी है। इस दौरान एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा सहित प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
