संपूर्ण समाधान दिवस में 121 शिकायतें पहुंचीं, 21 का मौके पर निस्तारण

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
121 Complaints Received During Sampoorna Samadhan Diwas, 21 Resolved on the Spot IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 121 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 का संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कराया। हापुड़ तहसील में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

हापुड़ तहसील में 55 शिकायतें, आठ का मौके पर निस्तारण

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

समाधान दिवस से पूर्व हापुड़ तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां और पोषण किट प्रदान कीं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को संतुलित आहार तथा प्रसव पूर्व देखभाल की जानकारी दी।

हापुड़ तहसील में 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर निस्तारण कराया गया। इनमें खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, मारपीट, पेंशन, आवास, सड़क, विद्युत और पेयजल से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का पोर्टल पर अनिवार्य अंकन कर समयबद्ध निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ता को फोन पर भी कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवादों में राजस्व और पुलिस विभाग को समन्वय से कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

धौलाना में 31 और गढ़मुक्तेश्वर में 35 शिकायतें दर्ज

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/

धौलाना तहसील में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा के समक्ष 31 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। वहीं, गढ़मुक्तेश्वर तहसील में अपर जिलाधिकारी के समक्ष 35 शिकायतें प्राप्त हुईं और 10 का मौके पर समाधान कराया गया।

Share This Article
Leave a comment