हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने सीसीआर स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने सभी योजनाओं को अंतिम रूप देते हुए निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने तथा संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
कुंभ मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने अब तक की तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद एडीजी ने कुंभ मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन योजना, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के उपयोग और चरणवार पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्व का प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन है। मेले को निर्विघ्न और सुरक्षित संपन्न कराना तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एटीसी पहुंचकर कुंभ मेला प्रशिक्षण ले रहे जवानों से भी संवाद किया तथा प्रशिक्षण की जानकारी ली।
इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
