परिषदीय स्कूलों में बाहरी लोगों और यू-ट्यूबरों की एंट्री पर रोक

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Entry of Outsiders and YouTubers Banned in Government Schools IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

हापुड़ (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जिले के परिषदीय स्कूलों में बाहरी लोगों और यू-ट्यूबरों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर कहा है कि बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश न दिया जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय संचालन के दौरान मुख्य द्वार बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कुछ बाहरी व्यक्ति और यू-ट्यूबर विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के फोटो तथा वीडियो बनाकर उन्हें सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित कर रहे हैं। इससे विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने के साथ शिक्षकों की गरिमा और विभाग की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों के निरीक्षण के लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर पहले से ही अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित है। इसलिए किसी बाहरी व्यक्ति को स्वयं निरीक्षण या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

स्कूलों के मुख्य द्वार बंद रखने के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

आदेश में विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रवेश व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए अनधिकृत गतिविधियों को रोकने को कहा गया है।

भ्रामक वीडियो बनाने वालों पर होगी कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल-कॉलेजों के संबंध में गलत या भ्रामक वीडियो बनाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को भ्रामक वीडियो की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा विद्यालयों की वास्तविक स्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय और कक्षाओं की स्थलीय जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं।

Share This Article
Leave a comment