गौतमबुद्ध नगर में 5196 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, कार्यस्थलों पर पहुंचे स्वास्थ्य शिविर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Health Screening Conducted for 5,196 Workers in Gautam Buddh Nagar, Health Camps Reach Workplaces IMAGE CREDIT TO श्रम विभाग

——स्वस्थ श्रमिक सशक्त श्रमिक की दिशा में श्रम विभाग की पहल

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद गौतमबुद्ध नगर में 06 से 08 अक्टूबर तक ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ आयोजित किए गए। श्रम विभाग की ओर से विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं निर्माणाधीन स्थलों पर लगाए गए इन विशेष शिविरों में कुल 5196 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट ही स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी के दिशा-निर्देशन में आयोजित शिविरों के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारियों ने विभिन्न औद्योगिक एवं निर्माण स्थलों पर पहुंचकर श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा। अभियान के अंतर्गत एटीएस सेक्टर-152, डैसनेक सेक्टर-93, गौर आइलैंड, जेपी ग्रीन कैंपस आइलैंड, परी चौक ग्रेटर नोएडा, आनंद हैबिटेट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड प्लॉट संख्या ए-37 सेक्टर-62, टीसीएस सेक्टर-145 तथा ईओएन फेयरफैक्स सेक्टर-140 सहित अन्य प्रतिष्ठानों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए।

5196 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

शिविरों में कार्यरत श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। श्रमिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित जीवनशैली अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पोषण पर ध्यान देने तथा कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

सहायक श्रमायुक्त सुयश पाण्डेय एवं डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुनिश्चित करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित, उत्पादक एवं सशक्त कार्यबल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को कार्यस्थल के निकट आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यस्थल के निकट उपलब्ध कराईं स्वास्थ्य सेवाएं

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर श्रमिकों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही विभाग और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुप्रिया द्विवेदी, जेपी सिंह, आरएम वर्मा, सीडी ओझा, सन्दीप सिंह, जीतेन्द्र सिंह भदौरिया, महेंद्र सिंह, कौशलेन्द्र सिंह, अमित सिंह, हिमांशु अग्रवाल एवं निरन्कार सिंह ने विभिन्न स्थलों पर आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में सहभागिता की। 5196 श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ अभियान ने ‘स्वस्थ श्रमिक–सशक्त श्रमिक’ की भावना को मजबूत करने और श्रमिकों के प्रति संवेदनशील एवं कल्याणकारी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a comment