गाजियाबाद (शिखर समाचार)। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना टीला मोड़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1000 पव्वे देशी शराब, 250 पव्वे अंग्रेजी शराब यानी कुल 25 पेटी अवैध शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की। यह दोनों शराब को हरियाणा से लाकर दिल्ली के रास्ते निर्धारित स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे।
ऑपरेशन प्रहार के तहत दो शराब तस्कर गिरफ्तार
थाना टीला मोड़ पुलिस टीम लोनी-भोपुरा रोड पर डी-मार्ट के सामने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली और वाहन की जांच की। वाहन की डिग्गी से बड़ी मात्रा में हरियाणा मार्का शराब बरामद होने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
25 पेटी हरियाणा मार्का शराब और कार बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि सौरभ नाम का व्यक्ति सोनीपत से चार पहिया वाहनों में हरियाणा मार्का शराब लोड करवाकर दिल्ली के अशोक नगर में वाहन खड़ा करवाता था। इसके बाद उन्हें वाहन को बताए गए निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए कहा जाता था। उन्हें वाहन में रखी शराब की जानकारी होती थी और इसके एवज में उन्हें प्रत्येक वाहन के लिए पांच हजार रुपये दिए जाते थे। दोनों इस रकम को आपस में बांट लेते थे।
अभियुक्तों की पहचान सुनील पुत्र मुलकराज और शोएब पुत्र यासीन के रूप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सुनील के खिलाफ दिल्ली में आबकारी अधिनियम के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि शोएब के खिलाफ भी संबंधित मामले में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
सौरभ समेत अन्य तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
साथ ही पूछताछ के आधार पर अवैध शराब की तस्करी में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। थाना टीला मोड़ पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में सौरभ समेत अन्य कौन-कौन लोग शामिल है।
