बिजनौर (शिखर समाचार)।
सीबीएसई कक्षा-12 पूरक परीक्षा की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा-12 की पूरक परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने 28 जुलाई को होने वाली परीक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर वहां पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर उन्हें पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराने पर बल दिया।
आठ केंद्रों पर होगी परीक्षा, तैनात किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/prasoon-joshi-appointed-chairman/
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि जनपद के आठ परीक्षा केंद्रों पर कक्षा-12 की पूरक परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के सुचारु संचालन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
साथ ही शिक्षा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शरदपाल पाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं सदर उपजिलाधिकारी स्मृति मिश्रा सहित शिक्षा विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
