गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराए के मकान से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत होने पर पुलिस ने हत्या की आशंका के तहत जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान प्रमिला उर्फ सुशीला (50 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी। वह अपने पति पवन और सात वर्षीय बेटी विद्या के साथ करीब दस दिन पहले ही ट्रॉनिका सिटी की पूजा कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आई थी।
कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार यहां नया-नया आया था और पड़ोसियों के साथ उनकी अधिक जान-पहचान भी नहीं हुई थी।
सुबह करीब साढ़े दस बजे आसपास रहने वाले लोगों को कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। साथ ही मकान के बाहर बड़ी संख्या में मक्खियां भिनभिनाती दिखाई दीं। संदेह होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा बंद था। जब दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की गई तो महिला का शव बरामद हुआ। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और उसमें सड़न आ चुकी थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
पति और बेटी लापता, हत्या की आशंका पर जांच तेज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि प्रमिला की यह दूसरी शादी थी। पति पवन की पहली पत्नी से दो बेटियां हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। इसी वजह से पुलिस इस मामले को पारिवारिक कलह से जोड़कर भी जांच कर रही है।
घटना के बाद से मृतका का पति पवन अपनी सात वर्षीय बेटी विद्या के साथ लापता है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। महिला की मौत के बाद वह बच्ची को लेकर फरार हो गया। इसी आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की टीमें उसके विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी राम किशन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि फरार पति और बच्ची की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
