देवनंदिनी अस्पताल में एसी ब्लास्ट से भीषण आग, दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में 32 मरीज व 3 नवजात सुरक्षित निकाले गए

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Devnandini Hospital AC Blast Causes Massive Fire: 32 Patients and 3 Newborns Safely Rescued in Two-Hour Rescue Operation IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

हापुड़ (शिखर समाचार)।

एसी ब्लास्ट से अस्पताल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल में सोमवार देर रात एसी में हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग पहली मंजिल के सेमी प्राइवेट रूम नंबर-12 से शुरू होकर कुछ ही देर में पूरे भवन में फैल गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस और अस्पताल स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई से 32 मरीजों, तीन नवजात शिशुओं तथा करीब 20 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे अस्पताल की प्रथम मंजिल पर लगे एसी में तकनीकी खराबी के कारण जोरदार ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद निकली चिंगारी से आग लग गई और कुछ ही मिनटों में घना धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया। धुएं के कारण मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई तथा कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।

फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, मरीजों का किया सुरक्षित रेस्क्यू

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बीए सेट पहनकर फायरकर्मियों ने धुएं से भरे वार्डों में प्रवेश किया और सबसे पहले आईसीयू, इमरजेंसी तथा चिल्ड्रन वार्ड के मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। जो मरीज चलने में असमर्थ थे, उन्हें स्ट्रेचर और गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जिसके बाद स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से भवन से धुआं बाहर निकाला गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में भर्ती 32 मरीजों, जिनमें तीन नवजात शिशु भी शामिल थे, को सुरक्षित दूसरे ब्लॉक के इमरजेंसी वार्ड में स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा ऊपरी मंजिलों पर मौजूद करीब 20 अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस-फायर विभाग की संयुक्त कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-international-airport-to-begin/

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, सीओ अनिता चौहान, सदर कोतवाल मनीष चौहान तथा देहात प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संयुक्त रेस्क्यू अभियान के कारण सभी मरीजों और अस्पताल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट अथवा ब्लास्ट माना जा रहा है। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जांच की जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने सभी मरीजों का उपचार सुचारु रूप से जारी रहने की जानकारी दी।

Share This Article
Leave a comment