आरव शर्मा
देहरादून (शिखर समाचार)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को प्राधिकरण की टीम ने देहरादून और ऋषिकेश में बिना स्वीकृत मानचित्र (नक्शा) के किए जा रहे दो निर्माणों को सील कर दिया। एमडीडीए ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माणों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण की टीम ने पहली कार्रवाई लेखक गांव-थानों मार्ग (देहरादून) में की, जहां नरेश शर्मा द्वारा बिना अनुमति अवैध व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के बाद टीम ने इसे तुरंत सील कर दिया। इसके बाद टीम ने भरत विहार (ऋषिकेश) का रुख किया और वहां भी बिना स्वीकृति चल रहे अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की।
एमडीडीए के अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण न सिर्फ मास्टर प्लान का उल्लंघन करते हैं, बल्कि भविष्य में यातायात और सुरक्षा जैसी शहरी व्यवस्थाओं पर भी असर डालते हैं।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता विक्रम सिंह, जयदीप, सुपरवाइजर मनीष नौटियाल और पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अधिकारियों ने दी चेतावनी:
बंशीधर तिवारी (उपाध्यक्ष, एमडीडीए)
“अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं होगा। लोग निर्माण शुरू करने से पहले जरूरी स्वीकृति लें, ताकि आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।”
मोहन सिंह बर्निया (सचिव, एमडीडीए)
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
“प्रवर्तन टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां सीलिंग और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिक निर्माण नियमों का पालन करें।”
