गाजियाबाद में अवैध प्लॉटिंग पर चला जीडीए का बुलडोजर: शाहपुर रोड पर 4000 वर्ग मीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Illegal Plotting in Ghaziabad Faces GDA Bulldozer: Illegal Colony Being Developed Across 4,000 Square Meters on Shahpur Road Demolished IMAGE CREDIT TO: प्राधिकरण

आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर में पनप रहे अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखी है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4000 वर्ग मीटर जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि ग्राम-शाहपुर रोड, राधा गार्डन (मुरादनगर) में अवैध रूप से जमीन पर चिनाई कर और सड़कों पर मिट्टी डालकर बिना किसी स्वीकृत मानचित्र या भू-अभिलेख के प्लॉटिंग का काम किया जा रहा था। जब प्रवर्तन टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से निर्माण से जुड़े स्वीकृत दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी वैध कागजात दिखाने में असमर्थ रहे। इसके बाद प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी और सहायक अभियंता चेतन यादव के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।

विरोध के बावजूद गरजा बुलडोजर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

कार्रवाई के दौरान भू-माफिया और कॉलोनाइजरों द्वारा बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल और साइट ऑफिस को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने मौके पर भारी विरोध जताया और काम रोकने की कोशिश की। हालांकि, स्थिति को भांपते हुए मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उपद्रवियों को नियंत्रित किया और ध्वस्तीकरण का काम बिना रुके जारी रखा।

आगामी दिनों में भी जारी रहेगा अभियान

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

इस मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 के समस्त कर्मचारी, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी सूरत में अवैध कॉलोनियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। प्राधिकरण ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले जीडीए से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। अधिकारियों ने साफ किया है कि आने वाले महीनों में भी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने और सील करने का यह विशेष अभियान इसी तरह जोर-शोर से जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment