गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
लिंक रोड थाना पुलिस ने फैक्ट्री से लाखों रुपये के कॉपर पाइप चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 किलोग्राम चोरी की कॉपर पाइप, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार तथा चोरी का माल बेचकर प्राप्त 2700 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
सीसीटीवी और सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि 30 जून को मकुंदनगर निवासी अनूप डिब्बर, जो साहिबाबाद स्थित एक रेफ्रिजरेशन कंपनी में एडमिनिस्ट्रेटर हैं, ने थाना लिंक रोड में तहरीर देकर बताया था कि 29 जून की रात अज्ञात चोर फैक्ट्री से नए कॉपर पाइप चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सूचना के आधार पर 2 जुलाई को चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंचल और फैसल उर्फ शकील के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 40 किलोग्राम कॉपर पाइप, वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार और 2700 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
नशे के लिए करते थे चोरी, लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर फैक्ट्री से कॉपर पाइप चोरी की थी। आरोपी फैसल ने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी अपने साथियों के साथ कई फैक्ट्रियों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। चोरी का माल कबाड़ियों को बेचकर पैसे नशे की लत पूरी करने में खर्च किए जाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि फैसल के खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली एनसीआर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अंचल के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। लिंक रोड थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
