ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा की प्रमुख सड़कों पर रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से तीन प्रमुख मार्गों पर नई सजावटी स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना तैयार की गई है। इन कार्यों पर करीब 6.46 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल ने बताया कि कुलेसरा हिंडन पुल प्रवेश बिंदु से हल्दौनी मोड़ तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर नौ मीटर ऊंचे दोहरे और एकल पंख वाले 108 खंभे लगाए जाएंगे। इस कार्य पर करीब 1.75 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इसके अलावा गैलेक्सी वेगा गोलचक्कर से गौड़ सिटी अंडरपास तथा खैरपुर गोलचक्कर से राजेश पायलट गोलचक्कर तक करीब चार किलोमीटर मार्ग पर 217 खंभे लगाए जाएंगे। इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 98 लाख रुपये है। नई प्रकाश व्यवस्था से आसपास की आवासीय सोसायटियों में रहने वाले लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी।
तीन प्रमुख मार्गों पर लगेंगी नई सजावटी स्ट्रीट लाइटें
वहीं, ग्रेटर नोएडा प्रवेश बिंदु के पास चार मूर्ति चौराहे से एक मूर्ति गोलचक्कर तक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर नौ मीटर ऊंचे शंक्वाकार मेहराबदार खंभे लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इस कार्य की अनुमानित लागत 3.74 करोड़ रुपये है। इसकी ई-निविदा जारी हो चुकी है और 28 सितंबर को निविदा पूर्व बैठक भी आयोजित की गई।
6.46 करोड़ रुपये से मजबूत होगा स्ट्रीट लाइट नेटवर्क
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण के अनुसार नई लाइटें लगने से इन प्रमुख मार्गों पर रात में आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
