गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आईटीएस मोहन नगर परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय आईटी फेस्ट कोड क्राफ्ट चैलेंज-2026 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। 29 सितंबर से शुरू हुए तकनीकी महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से करीब 50 व्यावसायिक एवं इंजीनियरिंग संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों के लगभग 150 विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, प्रोग्रामिंग कौशल, समस्या समाधान और टीम भावना प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना था। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अरुण कुमार, सह-संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी नवाचार अधिकारी, लोकल एआई, आईटीएस मोहन नगर के निदेशक डॉ. सुनील कुमार पांडेय, एमसीए कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पूजा धर, आयोजन समिति के सदस्य प्रो. स्मिता कंसल, प्रो. वरुण अरोरा, प्रो. अभय कुमार रॉय एवं प्रो. कुलदीप पाल सहित विद्यार्थी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
तकनीकी प्रतिभा और रचनात्मकता का विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन
आईटीएस समूह के उपाध्यक्ष अर्पित चड्ढा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे से सीखने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का अवसर मिलता है। अरुण कुमार ने प्रोग्रामिंग ज्ञान के साथ टीमवर्क, प्रभावी संवाद, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान की क्षमता को महत्वपूर्ण बताया।
विजेता टीमों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार अमित एवं नीतू की टीम ने एनआईटीआरए, संजय नगर, गाजियाबाद की ओर से प्राप्त किया। द्वितीय पुरस्कार दर्शित एवं अनुपम की टीम ने आईटीएस स्नातक परिसर, मोहन नगर और तृतीय पुरस्कार कार्तिक एवं प्रिंस की टीम ने आईटीएस मोहन नगर की ओर से हासिल किया। निर्णायक मंडल में वर्ल्डपे इंडिया के सॉफ्टवेयर विकास विभाग के सहयोगी निदेशक मनोज कुमार और टेकसपर के संस्थापक अंकुर जैन शामिल रहे। दोनों ने प्रतिभागियों के तकनीकी प्रदर्शन, रचनात्मकता और समस्या समाधान क्षमता का मूल्यांकन किया।
