बिजनौर (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ जागरूकता प्रचार वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और जनसहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शपथ भी दिलाई। जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जबकि घर-घर दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित होगा। अभियान के दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।
जागरूकता प्रचार वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी
जागरूकता प्रचार वाहन रैली कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होकर नुमाइश ग्राउंड चौराहे सहित शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करना होगा और आमजन को भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। रैली में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, संचारी रोग नियंत्रण अभियान के नोडल अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सहित अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
