ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर बनाने के अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिरसा रोटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे कट तक क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। करीब 1.3 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की सतह का नवीनीकरण किया जा रहा है, जिसके चलते यहां 15 दिनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के कार्य वृत्त-7 को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के सुधार से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी।
यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था
रीसर्फेसिंग कार्य के दौरान सिरसा रोटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। वाहन चालक अब 60 मीटर मार्ग स्थित डाढ़ा रोटरी से होकर बैनेट विश्वविद्यालय मार्ग के जरिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे।
यातायात पुलिस के सहयोग से डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई है।
कार्य की समयसीमा और प्राधिकरण का लक्ष्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि सड़क की सतह के नवीनीकरण का कार्य लगभग 15 दिनों तक चलेगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि लोगों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
