बिजनौर (शिखर समाचार)
जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी अभियान की तैयारियों, विभागीय समन्वय और जनजागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
1 जुलाई से शुरू होगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का द्वितीय चरण 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने दिमागी बुखार की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध रोगियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में चलेंगी जागरूकता गतिविधियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं और बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित सभी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।
