लखनऊ/गौतमबुद्धनगर (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी तथा सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल सूचना प्रवाह का शुभारंभ किया है। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में चैनल का शुभारंभ सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर फिल्म निर्माता अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित सूचना विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभाग की डिजिटल संचार रणनीति और आमजन तक सरकारी सूचनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की योजना पर भी चर्चा की गई।
सूचना प्रवाह बनेगा सरकार और जनता के बीच संवाद का डिजिटल सेतु
सूचना प्रवाह उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है। इसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।
इसके अलावा विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियान तथा महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी इस मंच पर किया जाएगा।
डिजिटल मीडिया के जरिए बढ़ेगी पारदर्शिता और जनभागीदारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे में सूचना प्रवाह सरकार और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु साबित होगा।
उन्होंने कहा कि चैनल के माध्यम से नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल, सहज और आकर्षक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
आधुनिक तकनीकों से मजबूत होगा सूचना प्रसार तंत्र
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज सूचना प्रसार का सबसे तेज माध्यम बन चुके हैं और ऐसे में यह पहल शासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सूचना प्रवाह यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं के प्रसार का एक प्रभावी मंच बनेगा। साथ ही यह आमजन और शासन के बीच संवाद को मजबूत करते हुए पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
