आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्रवर्तन जोन-02 की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ ग्राम कनौजा और मुरादनगर क्षेत्र में अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं ने भारी विरोध भी किया, लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक न चली।
यहां चला प्राधिकरण का बुलडोजर:
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/focus-on-security-and-environmental-balance/
ग्राम कनौजा (खसरा संख्या-146): यहां करीब 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अमित चौधरी, मामचन्द्र त्यागी, ब्रह्मचन्द त्यागी (तीनों के पिता कैलाश) और आदेश (पिता रामधन) द्वारा बिना अनुमति के प्लॉटिंग के लिए डिमार्केशन और मिट्टी भराव का कार्य किया जा रहा था।
चिपयाना क्षेत्र: दीपक चौधरी (पिता नरेन्द्र सिंह), सुचेत त्यागी (पिता स्व. हिरराज त्यागी) और वरुण शर्मा (पिता मोहनलाल शर्मा) द्वारा करीब 13,000 वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से मिट्टी डालकर रास्तों का निर्माण किया जा रहा था।
मुरादनगर (खसरा संख्या-16): हिसाली निवासी डवन चौधरी और अतुल त्यागी द्वारा लगभग 13,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सड़क और नाली का निर्माण करने के साथ ही प्लॉटों की बाउंड्री बनाकर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।
जीडीए अधिकारियों ने बताया कि स्थल निरीक्षण के दौरान इनमें से किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई स्वीकृत नक्शा (मानचित्र) या वैध भू-अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद प्राधिकरण ने कड़ा कदम उठाते हुए इन सभी स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
विरोध के बावजूद नहीं रुका अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/lodhi-sena-in-badaun-for-unity-drug-free-society/
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान कुछ स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने हंगामा कर कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया। पुलिस की सख्ती के चलते अभियान बिना किसी रुकावट के पूरा हुआ। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन-02 का समस्त स्टाफ और पुलिस बल मुस्तैद रहा।
