शामली (शिखर समाचार)।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार के निर्देश
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्थानों पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।
बैठक में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताई गई। जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने तथा निर्माण कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मार्गों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था और अभियान सख्ती से लागू करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को शहर से बाहर जाने वाले प्रमुख जंक्शनों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने और व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया।
बैठक में कैराना क्षेत्र में यमुना नदी पर सुरक्षा की दृष्टि से जाल लगाने के कार्य में तेजी लाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह, एडिशनल एसपी सुमित शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता दीपेंद्र जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
