जेवर (शिखर समाचार)।
जेवर स्थित बाल विकास केंद्र पर सोमवार को आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने सुपरवाइजरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर अवैध उगाही और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उत्तर प्रदेश राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए और तीनों सुपरवाइजरों के तबादले की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
अवैध उगाही और उत्पीड़न के आरोप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि सुपरवाइजर आंगनबाड़ी कर्मचारियों को अलग-अलग बैठकों में बुलाकर धन उगाही करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुष्टाहार वितरण में भी अनियमितता कराई जा रही है। कर्मचारियों से कहा जाता है कि तीन माह के पुष्टाहार में से केवल दो माह का वितरण करें और शेष एक माह की धनराशि सुपरवाइजरों को दे दें। विरोध करने पर सेवा समाप्त कराने, मानदेय रोकने तथा विभागीय कार्रवाई की धमकी दी जाती है।
शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
प्रदर्शन कर रही कर्मचारियों का आरोप था कि शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं होती और सुपरवाइजर खुलेआम कहती हैं कि कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। कर्मचारियों ने विधायक एवं उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल
प्रदर्शन में सविता शर्मा, नीरज देवी, माया देवी, कुसुमलता, पवित्रा, नवीता, नीरज रानी, आरती शर्मा, गुड़िया, शीलम, मिथलेश, जमुना, मंजू, बबिता और ममता शर्मा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहीं।
