बिजनौर (शिखर समाचार)।
नजीबाबाद थाना पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गोकशी करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, खोखा और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। वहीं उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की घेराबंदी में हुई मुठभेड़
क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि 30 अप्रैल को साहनपुर चौकी क्षेत्र में गोवंश की खाल बरामद होने के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। इसी क्रम में शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी करने वाले कुछ आरोपी सरवनपुर डैम क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया।
कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी की पहचान हलीम उर्फ अल्लू निवासी दहिरपुर थाना नांगल के रूप में हुई, जो क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से उसके साथी याकूब निवासी दहिरपुर थाना नांगल को भी गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी फरार, हथियार और उपकरण बरामद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वहीं, उनके दो साथी फुरकान और एक अन्य आरोपी रात के अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्षेत्र में गोकशी कर मांस बेचने का काम करते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर सहित कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
