गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने मुठभेड़ में दो झपटमारों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। मुठभेड़ में एक झपटमार वरून के पैर में गोली लगी और उसके साथी मोहम्मद आमिर को भी गिरफ्तार किया गया। वरून को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इनके पास से असलाह, चोरी की मोटरसाइकिल और आभूषण बरामद किए।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि डीएवी कट के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक लेकर भागने लगे। हड़बड़ाहट के कारण कुछ दूरी पर ही बाइक फिसल गई और दोनों गिर गए।
खुद को पुलिस से घिरता हुआ देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वरून के पैर में गोली लग गई। वहीं मोहम्मद आमिर मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर उसे भी दबोच लिया।
लूट और चोरी की वारदातों में शामिल थे आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस ने बताया कि वरून के खिलाफ 28 और मोहम्मद आमिर के खिलाफ 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे कार से दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों में जाते थे और पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर देते थे। इसके बाद उसी क्षेत्र से बाइक चोरी कर लोगों को निशाना बनाते हुए मोबाइल और चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे।
