शामली (शिखर समाचार)। आलोक यादव ने शुक्रवार को लगभग 2218.86 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन विकास भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था से प्रोजेक्ट ड्राइंग के अनुसार कराए जा रहे निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त की और कार्य को निर्धारित समय सीमा में तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष जोर
डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार का घटिया निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य की थर्ड पार्टी जांच कराने के निर्देश देते हुए कार्यदायी संस्था को प्रतिदिन निर्माण प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकास भवन के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तल का अवलोकन किया। उन्होंने प्रवेश द्वार पर रंगाई-पुताई कराने और परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भवन में बनाए जा रहे विभिन्न कार्यालयों, सभागार तथा लाइटिंग व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
बाह्य विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीएम ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित पार्क के सामने से विकास भवन का नया प्रवेश द्वार बनाए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बाह्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सीडीओ विनय कुमार तिवारी, पीडी डीआरडीए प्रेमचंद, डीपीआरओ संदीप अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजकुमार सहित उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
