मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। जनपद में अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त का सनसनीखेज खुलासा करते हुए थाना कोतवाली नगर पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, पांच तमंचे 315 बोर तथा 4 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
सोमवार शाम थाना क्षेत्र में काली नदी पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि न्याजुपुरा चरथावल रोड स्थित एक खाली प्लॉट में कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और एक साथ दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, भारी असलहा बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ वसीम पुत्र रहमुद्दीन निवासी न्याजुपुरा, मोहम्मद अनस पुत्र शौकीन निवासी ग्राम विज्ञाना थाना बुढाना, नदीम पुत्र कल्लू उर्फ जब्बार निवासी ग्राम विज्ञाना थाना बुढाना तथा आरिस उर्फ बिट्टू पुत्र मुर्तजा निवासी मिमलाना रोड, कोतवाली नगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आपस में हथियारों की खरीद बिक्री कर रहे थे। मुख्य आरोपी सलीम उर्फ वसीम शौक के चलते हथियार खरीदने आया था, जबकि मोहम्मद अनस और नदीम हथियार सप्लाई करने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार अनस पहले ही दो तमंचे आरिस उर्फ बिट्टू को बेच चुका था और इसके बदले 2 हजार रुपये एडवांस ले चुका था। वहीं नदीम ने सलीम को पिस्टल, तमंचा, मैगजीन और कारतूस उपलब्ध कराए थे।
पुलिस जांच में जुटी, नेटवर्क खंगाला जा रहा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के लिए हथियारों की सप्लाई करता था। पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से किसी बड़ी वारदात को टाला जा सका। अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
प्रेस वार्ता में सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा मौजूद रहे। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक विक्रांत कुमार, उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र सैनी, कांस्टेबल बलदेव, वेदराम तथा हर्ष कुमार शामिल रहे।
