——सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग स्थल, आगंतुक व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सुरक्षा और समन्वय पर जोर
निरीक्षण के उपरांत यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) के प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर बल दिया।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए वैकल्पिक मार्गों के निर्धारण, ट्रैफिक डायवर्जन की पूर्व सूचना आमजन तक पहुंचाने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं की समयबद्ध और सुव्यवस्थित तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/wahab-chaudhary-expelled-from-bsp/
इस अवसर पर विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्रेलमैन, मुख्य परिचालन अधिकारी किरन जैन, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर अभय दुर्गेश सिंह, पुलिस उपायुक्त पूनम मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त जेवर सार्थक सेंगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
