मोदीनगर (शिखर समाचार)। सीकरी खुर्द स्थित प्रसिद्ध एवं पौराणिक महामाया देवी मंदिर पर लगने वाले वार्षिक मेले का शुभारंभ चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
विधिवत शुभारंभ और पूजा-अर्चना
मेले का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली, तहसीलदार रजत सिंह तथा अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्रा द्वारा फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों ने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। साथ ही प्राचीन वट वृक्ष के नीचे पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन भी किया गया।
सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
मंदिर के पुजारी देवेंद्र सिंह ने प्रातः लगभग चार बजे विधि-विधान से मां का स्नान और श्रृंगार कर विशेष पूजा संपन्न कराई। कपाट खुलते ही माता की ज्योति लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से लेकर देर शाम तक दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति में डूबा नजर आया। यह मेला सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर अपने चरम पर पहुंचता है, जब लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। दिल्ली-मेरठ मार्ग के निकट होने के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है। सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि मेले के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात को व्यवस्थित रखने हेतु विशेष योजना लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
