आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद की वसुंधरा योजना में स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ आवास विकास परिषद की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन भवनों में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। लंबे समय से चल रहे इस अवैध निर्माण पर आखिरकार पुलिस बल मिलते ही निर्माण खंड-1 की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर दी, जिससे बिल्डर लॉबी में हड़कंप मच गया।
स्वीकृत नक्शे के विपरीत हो रहा था निर्माण
जानकारी के अनुसार पिछले लगभग साढ़े तीन महीने से समस्त फील्ड स्टाफ, साइट सुपरवाइजर, अवर अभियंता तथा सहायक अभियंताओं की ड्यूटी चुनाव आयोग की मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया और विभिन्न परीक्षाओं में लगाई गई थी।
इसका लाभ उठाते हुए वसुंधरा योजना के भवन संख्या 5/745 और 12/909 सहित एक अन्य भवन के निर्माणकर्ताओं और बिल्डरों द्वारा स्वीकृत नक्शे के विपरीत पूरे सेटबैक को कवर करते हुए स्टिल्ट फ्लोर में अतिरिक्त फ्लैटों का अवैध निर्माण किया जा रहा था।
पुलिस बल मिलते ही चला ध्वस्तीकरण अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
इन अवैध निर्माणों के खिलाफ पहले ही ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए जा चुके थे। फील्ड स्टाफ लगातार निर्माण रुकवाने का प्रयास भी कर रहा था, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल न मिल पाने के कारण कार्रवाई लंबित थी।
पुलिस बल उपलब्ध होते ही निर्माण खंड-1 की टीम मौके पर पहुंची और बिल्डर लॉबी के भारी विरोध के बावजूद सख्त रुख अपनाते हुए तीनों भवनों में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे समन्वय और दृढ़ता के साथ अभियान को सफल बनाया।
अवैध निर्माण पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/
अधीक्षण अभियंता ए.के. मित्तल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लगातार चुनाव और विभिन्न परीक्षाओं में ड्यूटी लगी हुई थी। इसके बावजूद टीम ने अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटते हुए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच भी आवास विकास की टीम पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रही है, जिसका परिणाम आज की सफल कार्रवाई के रूप में सामने आया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वसुंधरा योजना सहित आवास विकास की सभी परियोजनाओं में स्वीकृत नक्शे के विपरीत किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
