बिजनौर (शिखर समाचार) जनपद को कुपोषण की बेड़ियों से मुक्त करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बिजनौर में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पालिका परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पालिका प्रशासन और बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से 150 कुपोषित बच्चों को पोषण आहार किट वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा पालिका कर्मी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने किया कार्यक्रम की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने किया। इस अवसर पर इंदिरा सिंह ने कहा कि बिजनौर को पूर्णतः कुपोषण मुक्त बनाना उनका प्रमुख संकल्प है। उन्होंने कहा कि कुपोषण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक विकास से भी जुड़ा हुआ है। जब तक बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास संतुलित नहीं होगा, तब तक समाज की प्रगति अधूरी रहेगी। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की और कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
150 बच्चों को वितरित की गई विशेष पोषण आहार किट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि चिन्हित 150 बच्चों में से 34 बच्चे अति कुपोषित श्रेणी और 116 बच्चे मध्यम कुपोषित श्रेणी में हैं। इन सभी बच्चों को उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुसार विशेष पोषण आहार किट उपलब्ध कराई गई है, ताकि उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार लाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श भी दिलाया जाएगा।
अधिकारियों ने अभिभावकों से किया सहयोग का आग्रह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/discussion-on-ghaziabad-in-the-review-meeting/
कार्यक्रम के दौरान कर अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी, अवर अभियंता जलकल गौरव शर्मा, संदीप कुमार तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. बीरबल सिंह सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और पालिका का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। उपस्थित अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के पोषण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर बिजनौर को कुपोषण मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
