बिजनौर (शिखर समाचार) समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक ने शनिवार को बिजनौर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत एवं स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने भाजपा को किसान, मजदूर और संविधान विरोधी करार देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर इसका जवाब देगी।
हरेंद्र मलिक का दावा: समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ही हैं किसानों और वंचितों के सच्चे हितैषी
सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर चलते हुए किसानों, पिछड़े वर्ग, दलितों और अल्पसंख्यकों के हक की लड़ाई लड़ने वाला आज केवल समाजवादी पार्टी का नेतृत्व ही है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही ऐसे नेता हैं जो चरण सिंह की तरह किसानों की समस्याओं को समझते हैं और उनके हितों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं।
उन्होंने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और स्वर्गीय अजीत सिंह को याद करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अखिलेश यादव किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर किसान विरोधी नीतियों वाली भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लें।
अनुज मलिक का सपा में स्वागत: सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति ने किया आकर्षित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मलिक के समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया गया। बसपा छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले अनुज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और विकास की राजनीति करती है, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए कार्य करेंगे और बिजनौर में पीडीए की आवाज को और मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान जिला अध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने की तथा संचालन महासचिव धनंजय यादव ने किया। पंचायत को चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश, नजीबाबाद से हाजी तस्लीम, नूरपुर विधायक राम अवतार सैनी, नोगांवा सादात विधायक समरपाल सिंह, नगीना विधायक मनोज पारस, मनोज कुमार जज, पूर्व विधायक हाजी नईम उल हसन, एमएलसी प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रमेश तोमर, पूर्व जिला अध्यक्ष राशिद हुसैन और महिला जिला अध्यक्ष प्रभा चौधरी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही और पीडीए की एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
