नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार) आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी विजय शंकर मिश्रा ने पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नगर व आसपास के कांवड़ मार्गों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान जहां जहां व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, वहां संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कांवड़ मार्गों का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत बढ़ापुर रायपुर तिराहा बाईपास से हुई, जो नगर क्षेत्र में श्री कृष्ण गौशाला सैयदवाडा, पहाड़ी दरवाजा बाजार, साहुवान बाजार, खोखरन्नाथ मंदिर, जामा मस्जिद चौराहा, बारादरी बाजार, श्री मुक्तेश्वर नाथ मंदिर होते हुए मोहल्ला बिश्नोई सराय तक संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार, थाना प्रभारी अवनीश मान तथा नगर पालिका के इफ्तिखार जैदी भी मौजूद रहे।
कांवड़ मार्गों पर जगह जगह पाए गए गहरे गड्ढों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एसडीएम ने उन्हें तत्काल भरवाने और मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-municipal-corporation-will-spray/
एसडीएम विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए। साथ ही आगामी धार्मिक पर्वों को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
