हापुड़ (शिखर समाचार) साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच थाना हापुड़ देहात पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक युवक को ठगी से निकाली गई पूरी रकम वापस दिलाकर सराहनीय कार्य किया है। मामला थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला पन्नापुरी का है, जहां एक युवक के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर डिजिटल भुगतान प्रणाली के माध्यम से 66 हजार 200 रुपये निकाल लिए गए थे।
साइबर ठगी का शिकार युवक, सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम
मोहल्ला पन्नापुरी निवासी देव गोयल के खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने छलपूर्वक धनराशि की निकासी कर ली। जैसे ही युवक को खाते से पैसे निकलने की जानकारी हुई, उसने बिना देरी किए पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात पुलिस हरकत में आ गई और साइबर अपराध से संबंधित टीम को सक्रिय किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों का सहारा लेते हुए संबंधित बैंक और डिजिटल लेनदेन प्रणाली से समन्वय स्थापित किया। समय रहते खाते और लेनदेन की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप ठगी की गई पूरी रकम को सुरक्षित रूप से पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में शीघ्र सूचना देना सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसी कारण इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी और 66 हजार 200 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित को वापस दिलाई गई। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान से बचा जा सकें।
