गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना सिहानी गेट पुलिस ने ऐसे बंटी बबली को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठग करते थे। पुलिस ने राजन शाक्य और उसकी महिला सहयोगी लक्ष्मी कुशवाहा को गिरफ्तार किया। यह दोनों रेलवे व डाकघर में नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर चुके है। पीड़ित को झांसा देने के लिए यह दोनों रेलवे ग्रुप डी के फर्जी नियुक्ति पत्र और जोइनिंग लेटर दिया करते थे। खास बात यह है कि पुलिस की कार्यवाही से बचने के लिए यह दोनों फर्जी अपहरण का नाटक करके पीड़ित को ही आरोपी बना देते थे। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि बीती 8 जनवरी 2026 को राजन के अपहरण की सूचना मिली थी। यह सूचना उसकी महिला सहयोगी लक्ष्मी ने दी थी। जब अपहरण की जाँच शुरू की गई तो सामने आया कि यह दोनों मिलकर नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों को ठग करते थे और अब तक कई लोगों को लाखों रुपए से ठग चुके है। पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए यह दोनों फर्जी अपहरण की सूचना देते थे और पुलिस जाँच से बचने के लिए आला अधिकारियों को अपहरण की सूचना देते थे। दोनों को गिरफ्तार करते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह दोनों मिलकर भोले वाले लोगों को सरकारी नौकरी का लालच देते और फिर उनसे पैसे की मांग करते। पैसों को वह अलग-अलग बैंक खातों में डलवाया करते थे। पीड़ित को गुमराह करने के लिए उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देते थे। अगर पीड़ित पैसे वापस देने का दावा बनता था तो लक्ष्मी पुलिस को राजन की फर्जी अपहरण की सूचना देती थी, जिससे पुलिस को गुमराह करते हुए पीड़ित पर दबाव बनाया जा सके।
