आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। दिनांक 09 जनवरी को प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से ग्राम महरौली, परगना डासना, तहसील व जिला गाजियाबाद स्थित खसरा संख्या-738 एवं 738 मि0 की कीमती भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
लंबे समय से कब्जे वाली भूमि पर प्रवर्तन की दबिश: प्राधिकरण ने शुरू किया संयुक्त अभियान
प्राधिकरण के अनुसार उक्त भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा लंबे समय से अनधिकृत रूप से कब्जा कर निर्माण एवं घेराबंदी की गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों और अभिलेखीय जांच के बाद इसे प्राधिकरण की संपत्ति घोषित करते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार जीडीए प्रवर्तन दल, जीडीए पुलिस बल एवं थाना वेव सिटी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया तथा भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया गया। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते किसी भी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से सख्ती से निपटा गया। कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या खरीद-फरोख्त से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। यह कार्रवाई गाजियाबाद में अवैध कब्जों के खिलाफ जीडीए की सख्त नीति का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।
