नई अनाज मंडी में सार्वजनिक शौचालय जबरन बंद, व्यापारियों किसानों का फूटा आक्रोश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Public toilets forcibly closed in new grain market, traders and farmers angry IMAGE CREDIT TO REPORTER

जेवर (शिखर समाचार) कस्बे की नई अनाज मंडी में बने सार्वजनिक शौचालय को लेकर चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार रात अज्ञात लोगों ने शौचालय परिसर में बने पेशाबघर के द्वार को लकड़ी का तख्ता लगाकर नट-बोल्ट से बंद कर दिया। इसके चलते बुधवार को मंडी में आने वाले व्यापारी, किसान और मजदूर भारी असुविधा में रहे। सुबह होते ही मंडी में विरोध शुरू हो गया और देखते देखते हंगामे की स्थिति बन गई।

मंडी में सार्वजनिक पेशाबघर तोड़ने से हाहाकार, व्यापारियों और किसानों को भारी मुश्किलें

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/cold-wave-in-ghaziabad-at-6-degrees-celsius-136881174.html

बताया गया कि नई अनाज मंडी स्थित जिला पंचायत की भूमि पर लगभग 16 वर्ष पहले सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था, जिसकी देखरेख नगर पंचायत द्वारा की जाती है। इसी शौचालय के प्रवेश द्वार पर एक पेशाबघर भी बनाया गया था ताकि मंडी में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। करीब आठ दिन पहले कुछ अज्ञात लोगों ने यह कहते हुए पेशाबघर को तोड़ दिया था कि पास में बने मंदिर के कारण वहां गंदगी फैल रही है। पेशाबघर टूटने के बाद मंडी में काम करने वाले सैकड़ों व्यापारियों, किसानों और मजदूरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

इस मामले की शिकायत गल्ला व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष पहलवान नारायण माहेश्वरी से की थी। शिकायत पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर पेशाबघर का पुनर्निर्माण कराया। इसके बाद से वहां पुलिस की तैनाती भी कर दी गई थी। बावजूद इसके, मंगलवार रात किसी ने फिर से शरारत करते हुए पेशाबघर के गेट पर लकड़ी का बोर्ड लगाकर उसे पूरी तरह बंद कर दिया।

शौचालय विवाद से मंडी में विरोध, जिला पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर जाकर दी जल्द समाधान की आश्वासन

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/swadeshi-sankalp-to-the-people/

बुधवार सुबह जब मंडी खुली तो लोगों को शौचालय का उपयोग नहीं करने दिया गया, जिससे नाराजगी फैल गई। व्यापारियों और किसानों ने विरोध जताते हुए मामले की जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी को दी। सूचना मिलने पर बुधवार दोपहर करीब सवा तीन बजे जिला पंचायत अध्यक्ष मंडी पहुंचे, पूरे मामले का निरीक्षण किया और जल्द समाधान का भरोसा दिया।

इधर, गल्ला मंडी व्यापार संघ ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। व्यापार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि गुरुवार तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो अनाज मंडी को बंद कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित व्यापारी जानेंद्र जैन, प्रमोद गोयल, कुलदीप पंडित, प्रभात तायल, पुनीत गर्ग समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मंडी में मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग की।

Share This Article
Leave a comment