गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार) गढ़ तहसील प्रांगण में ठंडी हवाओं और कड़कती सर्दी के बीच समाजसेवियों ने टोल प्लाजा हटाने, ब्रजघाट बाईपास स्याना चौराहे तक ले जाने और लठीरा तिगरी गंगा नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सातवें दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा।
गढ़ नगर में 15 वर्षों से टोल टैक्स की अवैध वसूली, जिम्मेदार विभागों से संतोषजनक जवाब गायब
समाजसेवी पंकज लोधी ने बताया कि गढ़ नगर पालिका क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से टोल टैक्स के रूप में अवैध वसूली की जा रही है, जिसकी वास्तविक जानकारी छुपाई जा रही है। नगर पालिका द्वारा बृजघाट को गाँव दर्शाकर और बृजघाट गंगा पुल का हवाला देकर टोल वसूली की जा रही है, लेकिन संबंधित विभागों से इस पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
पंकज लोधी के अनुसार भ्रमित करने वाली सूचनाओं में यह दावा किया गया कि मुरादाबाद प्राधिकरण ने 2020 में गढ़ नगर पालिका में टोल का कोई उल्लेख नहीं किया। नगर पालिका सीमा में अब तक कितना टोल वसूला गया और कितना बाकी है, इस पर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
हाईकोर्ट में विचाराधीन जनहित याचिका के बावजूद टोल खसरा नंबर में रहस्यपूर्ण बदलाव, जवाबी कार्रवाई नहीं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/there-was-panic-in-the-area-due-to-the-murder/
नगर पालिका की 18 दिसंबर 2020 की सूचना के अनुसार टोल प्लाजा 1261 व 1262 खसरा नंबर में था, जबकि 1 मई 2024 की सूचना में यह 1264 खसरा नंबर में दिखाया गया। हाई कोर्ट में जनहित याचिका विचाराधीन होने के बावजूद टोल खसरा नंबर कैसे बदला गया, इस पर कोई जवाब नहीं मिला।
धरने के दौरान हापुड़ जिलाधिकारी से मांग की गई कि वे गढ़ बृजघाट टोल प्लाजा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को बुलाकर स्थिति स्पष्ट करें। इस अवसर पर गौ रक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रदीप रावत ने धरने का समर्थन करते हुए कहा कि जनता के हित में तिगरी पर नया गंगा पुल बनना चाहिए, ब्रजघाट बाईपास स्याना चौराहे तक ले जाया जाए और गढ़ नगर पालिका से टोल हटा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि श्मशान घाट गंगा पुल पर लागत वसूलने के लिए टोल प्लाजा की अवधि बढ़ाई जाती है, तो क्षेत्रवासियों को नया पुल स्वीकार्य नहीं होगा।
धरने में दर्जनों कार्यकर्ता शामिल, विश्व हिंदू राष्ट्र सेना के युवा नेताओं ने बढ़ाया आंदोलन को जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-on-the-144th-foundation-day/
धरने में विश्व हिंदू राष्ट्र सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष मोंटी चौधरी, जय सिंह राणा, शाह आलम, अमित कुमार, प्रदीप, नितिन सैनी, वंश रावत, हर्षण प्रजापति, बबली शर्मा, बबलू, छीददा सिंह, राजवीर शास्त्री, रविंद्र प्रकाश, दिलशाद, मनोज कुमार गोयल एडवोकेट, दया, रामानंद शर्मा, बृजपाल, गजेंद्र, अंकित एडवोकेट, मनोज, सुरेंद्र कुमार सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
समाजसेवियों ने चेताया कि जब तक टोल हटाने, ब्रजघाट बाईपास का मार्ग सुनिश्चित करने और लठीरा तिगरी गंगा पुल निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, धरना जारी रहेगा।
