कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शिक्षिका की पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता प्रदान

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Under Kanya Vivah Yojana, financial assistance is provided for the marriage of the teacher's daughter IMAGE CREDIT TO टीचर्स सेल्फ केयर टीम

हापुड़ (शिखर समाचार) शिक्षक समाज की आपसी सहयोग भावना को सशक्त करने की दिशा में टीचर्स सेल्फ केयर टीम द्वारा संचालित कन्या विवाह योजना के तहत एक सराहनीय पहल की गई। जनपद हापुड़ के निजामपुर क्षेत्र स्थित शिवा ढाबा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय बदरखा, गढ़मुक्तेश्वर में कार्यरत सहायक अध्यापिका मोबिना परवीन को उनकी पुत्री के विवाह के लिए पचपन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता टीम के माध्यम से चेक के रूप में ससम्मान भेंट की गई।

टीचर्स सेल्फ केयर: शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए संवेदना और सहयोग का मंच

ALSO READ:https://www.hindustantimes.com/india-news/dense-fog-delhi-ghaziabad-noida-fog-weather-today-aqi-severe-visibility-zero-flight-status-igi-airport-101766456028123.html

टीचर्स सेल्फ केयर टीम के संस्थापक विवेकानंद के मार्गदर्शन में चल रही यह योजना शिक्षक परिवारों के लिए एक मजबूत संबल बनकर उभर रही है। टीम न केवल दिवंगत शिक्षकों के परिजनों को आर्थिक सहयोग दे रही है, बल्कि कार्यरत शिक्षकों की बेटियों के विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर भी सहयोग सुनिश्चित कर रही है। इसी क्रम में इसी वर्ष प्रारंभ की गई कन्या विवाह योजना में जनपद के अध्यापक, अध्यापिकाएं तथा शिक्षा मित्र सहभागिता कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मंडल प्रवक्ता जयश्री एवं जिला संयोजक नौशाद अली द्वारा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। सहायता प्राप्त करने पर लाभार्थी शिक्षिका मोबिना परवीन ने टीम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए इस पहल को शिक्षक समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर टीम से जुड़ी आशा, नीरज चौधरी, अंशु सिद्धू, मोहम्मद आबिद अली, रजनी, नितिमा, विजय जैन, मोनिका प्रभा आर्य सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस सामाजिक सहयोग अभियान की मुक्तकंठ से सराहना की।

Share This Article
Leave a comment