ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। कड़ाके की ठंड के मद्देनज़र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहरवासियों को राहत देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 19 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि सुबह-शाम आवाजाही करने वाले लोगों को ठंड से बचाव मिल सके।
ठंड से राहत के लिए शहरभर में अलाव, प्रमुख चौराहों और बाजारों में व्यवस्था
अलाव की व्यवस्था जिन प्रमुख स्थानों पर की गई है, उनमें जगत फार्म, परी चौक के समीप सूरजपुर–कासना मार्ग, परी चौक पुलिस चौकी के पास, सूरजपुर प्रवेश बिंदु, एच्छर सेक्टर-36 के गेट नंबर चार के पास, अल्फा वाणिज्यिक क्षेत्र में डोमिनोज के समीप, अल्फा वाणिज्यिक क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के पास, कुलेसरा, कासना, सेक्टर बीटा-1 स्थित सीएम मार्केट, शारदा अस्पताल के पास, ओमेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स यमुना प्राधिकरण के समीप, दुर्गा टॉकीज रोटरी के पास, दो रैन बसेरा, बिसरख स्थित हनुमान मंदिर के पास, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति चौक, तुगलपुर मेट्रो स्टेशन के समीप तथा पी-थ्री गोलचक्कर के पास शामिल हैं।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार इन सभी स्थानों पर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, विशेषकर श्रमिकों, राहगीरों और जरूरतमंदों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो अन्य स्थानों पर भी अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि ठंड के मौसम में किसी को असुविधा न हो।
