पोर्टल से अदालत के मामलों की होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ गाजियाबाद के नागरिकों को सहूलियत देने के लिए विभिन्न तरह के प्रयासों में जुड़े हुए है। सोमवार को उन्होंने पुलिस वर्किंग में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए कोर्ट्स मॉनिटरिंग सिस्टम को लॉन्च कर दिया। इस सिस्टम के माध्यम से डेटा-संचालित पुलिसिंग और जन-केंद्रित पुलिसिंग के विज़न को मजबूत किया जाएगा, जिससे न्यायिक प्रक्रियाएं आम नागरिकों के लिए और अधिक सरल, स्पष्ट और सुलभ हो सकेगी। इसके अलावा सिटीजन चार्टर के तहत पुलिस आयुक्त के आदेश पर एफआईआर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीधे पीड़ित के घर पहुंचाई जा रही है। पुलिस अभी तक 5631 पीड़ितों के घर पर एफआईआर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पहुंच चुकी है। अब इस पोर्टल के माध्यम से अदालतों में चल रहे मामलों की वास्तविक समय में ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के आदेश पर फीडबैक सेल का गठन किया गया, जिसने अब तक 56,231 नागरिकों से फीडबैक प्राप्त किया है। इतना ही नहीं फीडबैक के आधार पर 39 नकारात्मक फीडबैक वाले पुलिसकर्मियों पर दंडात्मक कार्यवाही भी की गई है। संवाददाता सम्मेलन में पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गोड़ ने बताया कि पुलिस और जनता के बीच दूरी कम करने के लिए शिष्टाचार नीति लागू की गई है। इसके तहत हर बुधवार को सभी थानों में वादी संवाद दिवस भी आयोजित किया जा रहा है। थानों में आगंतुकों के लिए वेटिंग रूम, पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था सहित कई जन-केंद्रित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सीसीएमएस पोर्टल का उद्देश्य अदालतों में लंबित मामलों की ट्रैकिंग को पूरी तरह डिजिटल बनाना है। इस पोर्टल पर 126, 129, 152, 164, 170 बीएनएसएस, गुण्डा एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के सभी मामलों को ऑनलाइन मॉनिटर किया जा सकेगा। गाजियाबाद के नागरिक अपने केस की अगली तारीख और वर्तमान स्थिति घर बैठे जान सकेंगे और पुलिस भी आसानी से सब मामलों की मॉनीटरिंग कर सकेगी। वहीं झूठी जमानत पर रोक भी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त नागरिक अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से घर बैठे इस सेवा का लाभ उठा सकते है, जिसके लिए अपने ब्राउज़र में ccms.ghaziabadpolice.com टाइप करें या क्यूआर कोड स्कैन करें।
उसके बाद अग्रिम तिथि जानें पर क्लिक करें। आयुक्तालय, अदालत, धारा/अधिनियम चुनें और वाद संख्या भरें। खोजें पर क्लिक करते ही आपके केस की पिछली और अगली तारीख सहित पूरा विवरण स्क्रीन पर दिखाई देगा।

