गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना सिहानीगेट पुलिस ने शोरूम से लाखों रुपये चोरी करने वाले एक शातिर चोर अभिमन्यु को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख 20 हजार रुपये नगद तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया सिल्वर रंग का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। पूरा मामला बीती 3 नवंबर 2025 का है। जहाँ शांति एंटरप्राइजेज के मालिक तरुण शर्मा ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 12:48 बजे कोई अज्ञात चोर शोरूम से करीब 12 लाख 80 हजार रुपये चोरी कर ले गया। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर अभिमन्यु को आरडीसी रेलवे फाटक के पास रेलवे भवन से गिरफ्तार किया।
गाज़ियाबाद में शोरूम लूट का खुलासा: आरोपी ने चोरी कबूली, पैसे खर्च और बैंक में जमा किए; पुलिस ने दूसरी वारदात रोकते हुए किया गिरफ्तार
एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को कबूल कर लिया है। अभिमन्यु पहले गाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन के पास चौपड़ा टेंट हाउस में काम करता था, लेकिन कम आय के कारण उसने काम छोड़ दिया और फुटपाथ व रेलवे स्टेशन के आसपास रहने लगा।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसने शोरूम के बाहर खुद को शराबी दर्शा कर लौटने का नाटक किया। रात के सुनसान होने पर वह पास की दुकान की छत के सहारे ऊपर चढ़ गया और तीसरी मंज़िल पर लगे फ्लेक्स के पीछे सुरक्षा की कमी का फायदा उठाकर अंदर घुसा गया। ग्राउंड फ्लोर के कैश काउंटर से उसने 4 लाख 30 हजार रुपये चुराए। चुराई गई रकम में से 63 हजार रुपये उसने अपने पिता के एक्सिस बैंक अकाउंट फर्रुखाबाद में जमा किए। इसके अलावा अपने भाई गोविंद के नाम पर वीवो Y 400 प्रो 5G मोबाइल खरीदा और शेष पैसे जुए तथा दोस्तों के साथ दावत में खर्च कर दिए। इसके अतिरिक्त आरोपी चोरी की रकम से एक गाड़ी खरीदने की योजना भी बना रहा था और दूसरी वारदात की फिराक में आरडीसी की ओर जा रहा था तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अभिमन्यु पर इससे पहले फतेहगढ़ में छिनैती का भी एक मुकदमा दर्ज है।
