ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में शुक्रवार को वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की कार्ययोजना, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान के साथ फहराया जाए।
साथ ही तिरंगा थीम पर सजावट, रंगोली, चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ग्राम पंचायतों में सेल्फी प्वाइंट विकसित करने, अमृत सरोवरों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने तथा बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों को तिरंगा थीम से सजाने के निर्देश भी दिए गए।
जनभागीदारी बढ़ाने और प्रोटोकॉल पालन के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों, औद्योगिक संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों तथा आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के साथ 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ गरिमापूर्ण ढंग से मनाने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
