नोएडा (शिखर समाचार)।
आम नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच और फेलिक्स हॉस्पिटल ने संयुक्त रूप से नई ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवा का शुभारंभ किया है।
इस सेवा के माध्यम से अब लोग मात्र 30 रुपये में चौबीसों घंटे अनुभवी चिकित्सकों से वीडियो के माध्यम से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही मरीजों को ई-पर्चा, ऑनलाइन समय निर्धारण, आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता तथा अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
30 रुपये में मिलेगा ऑनलाइन चिकित्सकीय परामर्श
सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में फेलिक्स हॉस्पिटल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. डी.के. गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को डिजिटल पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे अनावश्यक रूप से अस्पताल आने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में संचालित दवा केंद्रों से दवाओं पर 15 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क एम्बुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जो मरीज को जरूरत के अनुसार फेलिक्स हॉस्पिटल अथवा सरकारी अस्पताल तक पहुंचाएगी।
अस्पताल में भर्ती होने पर उपचार सेवाओं पर 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी जाएगी।
बुजुर्गों और जरूरतमंद मरीजों के लिए लाभकारी पहल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगों और ऐसे मरीजों के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें अस्पताल आने-जाने में कठिनाई होती है।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श तथा लाभार्थियों के स्वास्थ्य कार्ड भी बनाए जाएंगे।
कार्यक्रम में डॉ. रश्मि गुप्ता सहित दोनों संस्थाओं के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण और आमजन तक समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
