हापुड़ (शिखर समाचार) पिलखुवा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक मकान में हुए रहस्यमयी धमाके ने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया। धौलाना रोड पर पीर के पास पवन तोमर के छह कमरों वाले मकान में अचानक तेज विस्फोट हुआ, जिसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि कमरे की दीवारें फट गईं और लेटर नीचे आ गिरा। हादसे में दो किराएदार घायल हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी।
अचानक गूंजे धमाके से मचा हड़कंप: उखड़ी छत, बिखरी दीवारें और दो लोग गंभीर रूप से घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक एक कमरे से जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनते ही आसपास के लोग और मकान में सो रहे अन्य किराएदार घबराहट में बाहर निकल आए। विस्फोट की तीव्रता ऐसी थी कि कमरे की छत उखड़ गई और दीवारों के टुकड़े दूर जा गिरे। हादसे में बिहार के रहने वाले राज किशोर शर्मा और मदन शर्मा घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल भिजवाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा कारणों से पूरा मकान घेर लिया गया और छहों कमरों की तलाशी लेकर मकान को सील कर दिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक ऐसा किराएदार मिला, जो पहचान बदलकर रह रहा था। उसने अपना नाम पहले मुज्जलिम बताया, जबकि जांच में उसका असली नाम बिहार निवासी मुजाहिद निकला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली में रहस्यमय धमाके ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की चिंता: हर एंगल से जांच, वजह अब भी पूरी तरह अज्ञात
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dm-takes-strict-action-for-lagging-targets/
धमाके की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी मौके पर पहुँच गईं। शुरुआती जांच में एजेंसियां इस घटना को दिल्ली लाल किले के पास हाल की घटनाओं से जोड़कर परख रही हैं। विस्फोट गैस रिसाव, किसी रासायनिक प्रतिक्रिया या किसी अन्य कारण से हुआ यह अभी साफ नहीं है।
सीओ अनिता चौहान ने बताया कि फोरेंसिक टीम मौके से सैंपल जुटा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट की असल वजह का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से लगातार पूछताछ कर रही है और मकान के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

