जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की जमीनी तैयारियों का लिया जायजा, सोसाइटी में घर-घर पहुंचकर लोगों से की बातचीत

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
District Magistrate Medha Rupam Reviews Ground Preparations for Voter Revision Campaign, Interacts with Residents Door-to-Door in Society IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने काशीराम आवास सोसाइटी सेक्टर पाई और सुपरटेक सोसाइटी ग्रेटर नोएडा पहुंचकर मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

मतदाता सूची का शुद्धिकरण: जिलाधिकारी ने बूथ स्तर पर पारदर्शिता और पूरी गंभीरता से अभियान चलाने का दिया निर्देश

ALSO READ:https://www.livehindustan.com/ncr/ghaziabad/story-ghaziabad-health-department-issues-advisory-for-cold-wave-preparedness-in-hospitals-201763044810596.html

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों से अभियान की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव है, इसलिए इस कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह सके, इसके लिए हर बूथ स्तर पर सघन प्रयास होने चाहिए।

जिलाधिकारी ने सुपरटेक सोसाइटी में बीएलओ के साथ पांचवें तल तक जाकर घर-घर दस्तक दी और लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर अभियान की फीडबैक ली। उन्होंने निवासियों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की और उन्हें इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए।

जिलाधिकारी का सख्त निर्देश: बूथ अधिकारियों की निगरानी और समयबद्ध कार्यान्वयन से सुनिश्चित होगी मतदाता सूची की विश्वसनीयता

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sexual-harassment-of-women-at-workplace-act/

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से बातचीत करते हुए कहा कि उनके कार्यों की निरंतर निगरानी जरूरी है ताकि गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके। मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों ने अभियान के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने काशीराम आवासीय परिसरों में मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिम्मेदार विभागों को शीघ्र निस्तारण करने के आदेश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार सदर प्रतीक चौहान, शहर मिशन प्रबंधक शीला, निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment