हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की। तीनों तहसीलों में कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
हापुड़ तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने की। इस दौरान कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण कराया। तहसील दिवस में घरेलू हिंसा, भूमि विवाद सहित विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए।
गढ़मुक्तेश्वर तहसील में 52 शिकायतें हुईं प्राप्त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/police-commissioner-inspects-mission-shakti/
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं गढ़मुक्तेश्वर तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
इसी प्रकार धौलाना तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 11 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से चार शिकायतों का तत्काल निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि आमजन को त्वरित एवं प्रभावी राहत मिल सके।
