गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
थाना टीला मोड़ पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल चार वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने नशे और मौज-मस्ती की लत पूरी करने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस उनके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है। थाना टीला मोड़ पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोयल एन्क्लेव मुख्य गेट के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान शिवम उर्फ शुबम और जावेद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वाहन चोरी
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वह नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों अथवा झाड़ियों में छिपा देते थे और मौका मिलने पर उन्हें कम कीमत में बेच देते थे।
बिक्री से मिली रकम को आपस में बांटकर नशे और अन्य शौक पूरे करते थे। उनका एक अन्य साथी रेहान भी वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल है, जो अभी फरार है।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
शिवम उर्फ राज अरोड़ा के खिलाफ चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं जावेद पर भी लूट की योजना, आर्म्स एक्ट, चोरी और अन्य संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी रेहान की गिरफ्तारी के बाद वाहन चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
