बिजनौर (शिखर समाचार)।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर पालिका परिषद बिजनौर ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को अधिशासी अधिकारी (ईओ) विकास कुमार ने टीम के साथ शहर की सफाई व्यवस्था और विभिन्न प्लांटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।
सॉलिड वेस्ट और एसटीपी प्लांट का किया निरीक्षण
ईओ विकास कुमार सबसे पहले गांव गंगदासपुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पहुंचे। यहां उन्होंने कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया और जल शोधन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने शहर में संचालित सार्वजनिक शौचालयों और आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल) सेंटर का भी जायजा लिया।
लापरवाही पर अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कमियां पाए जाने पर ईओ ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य और पेयजल आपूर्ति में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।
टीम को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक हरीश गंगवार और एसबीएम लिपिक संदीप कुमार भी उपस्थित रहे। ईओ ने सभी टीमों को समन्वय के साथ कार्य कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के निर्देश दिए।
