मोदीनगर (शिखर समाचार): श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर कांग्रेस का प्रदर्शन, तहसील में सौंपा ज्ञापन
तहसील मुख्यालय पर नारेबाजी और हनुमान चालीसा पाठ
मोदीनगर (शिखर समाचार)। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा और नगर अध्यक्ष बृजेश कुमार सेन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि चढ़ावा चोरी प्रकरण में नामजद सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान चांदवीर चौधरी, भिखारी लाल कश्यप, सुनील कटारिया, वकील अहमद, कल्पना सिंह, राजकुमार त्यागी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
