गाजियाबाद (शिखर समाचार): ऑपरेशन प्रहार के तहत गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.5 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। ऑपरेशन प्रहार के तहत इंदिरापुरम थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम अवैध गांजा और गांजा बेचकर अर्जित किए गए 1110 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि 29/30 जून 2026 की रात ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना इंदिरापुरम पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ग्रीन बेल्ट रोड, शक्ति खंड-4 स्थित झुग्गी-झोपड़ी के पास संदिग्ध गतिविधि करते हुए एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 1.5 किलो गांजा और 1110 रुपये नकद बरामद हुए, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधीश कुमार (उम्र 25 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय कल्ली सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में शक्ति खंड-4, इंदिरापुरम स्थित झुग्गी-झोपड़ी में रहता था, जबकि उसका मूल निवास बिहार के आरा जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दर्शन छपरा गांव का है।
दिल्ली से सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, जांच जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से एक अज्ञात व्यक्ति से गांजा खरीदकर लाता था और उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय लोगों को बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि गांजा बेचकर मिलने वाले पैसों से वह अपने शौक पूरे करता था और स्वयं भी इसका सेवन करता था।
पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क और दिल्ली में गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
