मोदीनगर (शिखर समाचार)।
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को एमआर टीकाकरण अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 18 से 28 अगस्त तक चलने वाले विशेष एमआर टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 14 वर्ष आयु की पात्र बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण को भी समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा ने बताया कि अभियान के दौरान 5 से 10 वर्ष आयु के उन बच्चों को एमआर वैक्सीन की खुराक दी जाएगी, जो किसी कारणवश पहले टीकाकरण से वंचित रह गए थे। उन्होंने बताया कि कोविड काल में नियमित टीकाकरण प्रभावित होने से इस आयु वर्ग में खसरा और रूबेला संक्रमण का खतरा बढ़ा है। अभियान के तहत सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत कक्षा एक से पांच तक के बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा। इसके लिए 18, 20, 21, 24, 25, 27 और 28 अगस्त को विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
एचपीवी टीकाकरण पर भी विशेष जोर
बैठक में बताया गया कि जनपद में 28 फरवरी से एचपीवी टीकाकरण अभियान भी संचालित है, जिसके तहत 14 वर्ष आयु की पात्र बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र बच्चों और बालिकाओं की सूची तैयार कर समयबद्ध रूप से टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कोई भी पात्र बच्चा या बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।
सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. के. झा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी आर. पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) आशीष कुमार सहित स्वास्थ्य एवं सहयोगी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
